अभ्युदय कोचिंग के शुभारंभ के दौरान सीडीओ अभिषेक कुमार व अभ्यर्थी। स्रोत : विभाग
लखीमपुर खीरी। सीडीओ अभिषेक कुमार ने बृहस्पतिवार को गुरु पूर्णिमा पर अभ्युदय कोचिंग का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत कोचिंग में यूपीएससी और नीट की नि:शुल्क तैयारी कराई जाएगी।
सीडीओ ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना राज्य सरकार की दूरदर्शी पहल है, जिसका उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करना है। बोले, सरकार चाहती है कि हर गांव, कस्बे का छात्र यदि आईएएस, पीसीएस या डॉक्टर बनने का सपना देखता है तो उसके सपनों को सही दिशा और मंच मिल सके।
सीडीओ स्वयं कक्षा में पहुंचे, विद्यार्थियों से संवाद किया। आईएएस, पीसीएस व नीट जैसी परीक्षाओं में सफल होने के सूत्र बताए। कहा कि अगर लगन सच्ची हो तो कोई परीक्षा कठिन नहीं। मेहनत को दिशा देना ही सफलता की कुंजी है। सीडीओ ने यूपीएससी के लिए 12 व नीट के लिए आठ शिक्षक चयनित किए गए हैं, जो शेड्यूल के अनुसार कक्षाएं संचालित करेंगे।
कार्यक्रम में डायट प्राचार्य डॉ. सीमा शुक्ला, जिला समाज कल्याण अधिकारी वंदना सिंह, जिला समाज कल्याण (विकास) तेजस्वी मिश्रा, कोचिंग के प्रभारी डॉ. एसएन बिष्ट आदि मौजूद रहे।