अब जिला महिला अस्पताल भी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेगा। इसके लिए बुधवार को कैमरे लगाने का काम शुरू करा दिया गया। आठ स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनसे गैलरियां, ओपीडी और भीड़ वाले स्थान कवर किए जाएंगे। इससे अस्पताल में सक्रिय दलाल बेनकाब होंगे वहीं व्यवस्थाओं में सुधार आएगा।
बता दें कि डीएम को जिला महिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान अव्यवस्थाएं मिलीं थीं। इसके बाद उन्होंने सुधार के लिए प्रयास शुरू किए हैं। साफ-सफाई के साथ मरीजों के लिए नाश्ता और भोजन की व्यवस्था में सुधार कराया गया है। अब सुरक्षा व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है। बुधवार को डीएम के निर्देश पर अस्पताल में आठ स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य शुरू हो गया। एसडीएम सदर राकेश पटेल ने बताया कि मुख्य प्रवेश द्वार, पंजीकरण केंद्र, ओपीडी, जेएसवाई रूम, अल्ट्रासाउंड, इमरजेंसी सहित भीड़ वाले स्थान पर कैमरे लगाए जाएंगे। इससे अस्पताल का ज्यादातर एरिया कवर हो जाएगा। इसके बाद जरूरत वाले स्थानों पर भी कैमरे लगाए जाएंगे।