चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।संवाद
निघासन। पढ़ुवा थाना क्षेत्र के दरेरी गांव में शनिवार रात चोरों ने डाक विभाग के कर्मचारी अजय गिरि के घर धावा बोलकर जेवर और नकदी समेत करीब तेरह लाख का सामान उड़ाकर ले गए।
अजय ने बताया कि घर के पीछे से छत के ऊपर चढ़कर चोर कमरे में दाखिल हो गए। कमरे के अंदर लगे हैंगर में अलमारी की चाबी टंगी थी। उसे निकालकर चोरों ने अलमारी खोल ली। उसमें रखे दो लाख रुपये नकद और करीब ग्यारह लाख के जेवर चोरी कर लिए। गृह स्वामी ने बताया कि जिस कमरे में चोरी हुई, उसमें ताला नहीं लगा था। वह बाहर से बेलन के सहारे बंद था। वह बगल वाले कमरे में सो रहे थे।
सुबह होने पर जब परिजन जागे तो घर का सामान अस्त-व्यस्त पाकर दंग रह गए। अजय गिरि ने तत्काल थाने पहुंचकर तहरीर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी विवेक कुमार उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र ही चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया जाएगा।