धौरहरा। भाजपा के पूर्व विधायक बाला प्रसाद अवस्थी के घर से चोरों ने 20 लाख की नकदी और 10 लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए। चोर दोनों लाइसेंसी रिवाल्वर भी उठा ले गए, लेकिन बाद में उन्हें दीवार के पास फेंक गए। सुबह जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने मौका मुआयना कर थाना पुलिस को जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
धौरहरा के पूर्व विधायक बालाप्रसाद अवस्थी अपने पैतृक गांव बेलतुआ में रहते हैं। बृहस्पतिवार रात चोरों ने उनके घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से 20 लाख की नकदी और करीब 10 लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। बालाप्रसाद अवस्थी ने बताया कि वह बृहस्पतिवार रात अपनी पत्नी, बड़े लड़के राजीव अवस्थी व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खाना खाकर सोने चले गए थे।
आधी रात के करीब चोर घर की चहारदीवारी फांदकर घुस आए। बरामदे में टंगी चाबी से ताले खोलकर घर के कमरों में दाखिल हुए और घटना को अंजाम देकर निकल गए। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे बर्तन साफ करने के लिए आए नौकर ने घर के दरवाजों खुले होने जानकारी दी तो परिवार में हड़कंप मच गया।
परिवार के सदस्यों ने कमरों में सामान बिखरा देखकर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में सीओ धौरहरा, प्रभारी निरीक्षक धौरहरा, प्रभारी निरीक्षक खमरिया व थानाध्यक्ष ईसानगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने काफी देर तक जांच पड़ताल की। चोर पूर्व विधायक के दोनों लाइसेंसी रिवाल्वर दीवार के पास फेंक गए।
धौरहरा पुलिस की सक्रियता पर उठ रहे सवाल
पूर्व विधायक के घर चोरी के बाद से धौरहरा पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। एसपी गणेश प्रसाद साहा भी मौके पर पहुंचे। एसपी ने जांच में लगी टीमों को जरूरी निर्देश देते हुए घटना का जल्द खुलासा करने को कहा। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश तेज कर दी है। ईसानगर थाना प्रभारी देवेंद्र ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरी हुए सामान की अभी तक सूची नहीं मिली है। डॉग स्क्वाड, फिंगरप्रिंट टीम के साथ अन्य थानों की पुलिस को चोरी के खुलासे में लगाया गया है।
पूर्व विधायक के आवास पर जांच को पहुंचे एसपी गणेश प्रसाद साहा-संवाद