cash and costly jwellery theft by thives
ओयल। स्थानीय पुलिस चौकी के एक गांव में बेखौफ चोरों ने दो घरों पर अपना हाथ साफ किया। चोर नकदी-जेवर समेत करीब ढाई लाख का सामान उड़ा ले गए। ग्रामीणों का आरोप है कि ओयल चौकी पुलिस गांव में गस्त करने नहीं आती है। एक ही रात गांव में हुई दो वारदात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्राम डिम्हौरा निवासी संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि वह घर के बाहर सो रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य छत पर सो रहे थे। पीछे की दीवार से छत पर चढ़े चोर जीने से घर के अंदर दाखिल हो गए। कमरों में रखे बक्सों का ताला तोड़ दिया। चोर बक्सों में रखे एक जोड़ी झाले, एक जोड़ी कुंडल, अंगूठी, मटरमाला, दो जोड़ी पायल, शादी में मिली पचहड़, 10 हजार की नकदी समेत करीब डेढ़ लाख का सामान उड़ा ले गए। सुबह घर से कुछ दूरी पर गन्ने के खेत से खाली बक्सा मिला। दूसरी घटना गांव के ही रामखेलावन जायसवाल के घर हुई। रामखेलावन ने बताया कि चोर घर के बाहर लगी चारा काटने की मशीन पर चढ़ कर घुस आए। कमरों में रखे कपड़े, एक सोने का हार, झुमकी, तीन लॉकेट वाली सोने की माला, एक जोड़ी पायल, नाक का फूल, बाली, 11 हजार की नकदी समेत करीब एक लाख रुपये का माल चोरी कर ले गए। जब वह सुबह उठे तो घर के कमरों व छत पर सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंचे चौकी इंचार्ज दिलीप कुमार ने मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।