लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र की ग्राम पंचायत पुनर्भू ग्रंट में सरकारी राशन की दुकान से 265 क्विंटल राशन के घोटाले का मामला सामने आया है। जांच के बाद कोटेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोटा निलंबित कर दिया गया है।
गांव वालों ने 21 फरवरी को राशन वितरण में धांधली का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। एसडीएम रत्नाकर मिश्रा ने ग्रामीणों की शिकायत पर पूर्ति निरीक्षक रामसेवक यादव एवं क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक को संयुक्त जांच के निर्देश दिए थे। जांच में कोटे पर करीब दो वर्षों से राशन वितरण का न तो कोई विवरण मिला और न ही भंडारण रजिस्टर। जनवरी से मार्च तक करीब 265 क्विंटल राशन गायब था। इसमें एमडीएम का 11 क्विंटल गेहूं भी शामिल है।
इस कोटे पर 747 राशन कार्ड (2992 लाभार्थी) संबद्ध हैं। इस कोटे का मासिक उठान 143 क्विंटल है। एसडीएम रत्नाकर मिश्रा ने बताया कि संयुक्त जांच में अनियमितता पाए जाने पर कोटेदार कोटेदार सुरेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोटा निलंबित कर दिया गया है। कार्ड धारकों को ग्राम पंचायत की उचित दर विक्रेता शिवानी गुप्ता की दुकान से संबद्ध कर दिया गया है। शीघ्र ही रिकवरी की कार्रवाई की जाएगी।