मोहम्मदी। मोहल्ला शंकरपुर छावनी निवासी सोनी देवल ने कोर्ट के आदेश पर अपने रिश्तेदार शाहजहांपुर के कांट थाने के मरैहया निवासी सर्वेश देवल, पड़ोसी विमल, माया देवी व फर्रुखाबाद के याकूबगंज में रहने वाली खुशी गुप्ता और उनके पति रोहित पर धोखाधड़ी कर बच्चे को ले जाने का केस दर्ज कराया है।
पीड़िता सोनी देवल ने बताया कि वह गरीब महिला है। 29 दिसंबर 2022 को उसने बेटे को जन्म दिया था। गरीबी का फायदा उठाते हुए पीड़िता के रिश्तेदार शाहजहांपुर के थाना कांट के मोहल्ला मरैहया, निवासी सर्वेश देवल, अपने पड़ोसी विमल, माया देवी, जनपद फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ के मोहल्ला याक़ूब गंज निवासी खुशबू गुप्ता और उनके पति रोहित गुप्ता ने पालन-पोषण के नाम पर बच्चे को ले लिए। कहा कि जब बच्चा बड़ा हो जाए तब वापस ले लेना ।
बाद में उसे पता चला कि जिसे अपने बच्चे को दिया है, वह दूसरी बिरादरी के हैं। इस बात का विरोध करने पर रिश्तेदार और उसके पड़ोसी ने गाली-गलौज की। आहत होकर वह 15 अप्रैल 2023 को बच्चे से मिलने खुशबू गुप्ता के घर गई। जहां उसे बेटे से मिलने नहीं दिया और कहा कि हमने बच्चे को पांच लाख रुपये में खरीदा है। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी। सुनवाई न होने पर न्यायालय से गुहार लगाई। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर पांच आरोपियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। संवाद