लखीमपुर खीरी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कंपार्टमेंट परीक्षा 22 के बजाए 25 और 26 जुलाई को होगी। वहीं, छात्र-छात्राओं की प्रयोगात्मक परीक्षा और आंतरिक मूल्यांकन 10 से 12 के बीच तक होगा। तारीख में बदलाव होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
यूपी बोर्ड का परीक्षाफल घोषित हुआ था, जिसमें सैकड़ों छात्र फेल हो गए थे। ऐसे छात्रों को एक बार फिर से पास होने का मौका दिया है। हालांकि कई बार डेट बदल जाने के चलते छात्र छात्राएं असमंजस में दिखाई दे रहे हैं। बता दें कि शहर के धर्म सभा इंटर कॉलेज में हाईस्कूल और इंटर के छात्र छात्राएं कंपार्टमेंट की परीक्षा देंगे। यह परीक्षा 22 जुलाई के बजाए अब 25 व 26 को आयोजित की जाएगी।
इस परीक्षा में हाईस्कूल के 165 छात्र, जबकि इंटरमीडिएट के 535 छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। जानकारी देते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कुल हाईस्कूल व इंटर के 691 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है। परीक्षा दो पालियों में होगी। परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों के साथ वाइस रिकार्डर भी अपडेट रहेगा, जिससे लगातार निगरानी की जाएगी।
छात्र-छात्राएं अपने कॉलेजों से प्रवेश पत्र प्राप्त कर निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच जाए जिससे प्रवेश लेने में किसी तरह की कोई दिक्कत न उठानी पड़े।