गोला गोकर्णनाथ। एक मोहल्ला निवासी दुष्कर्म पीड़िता के आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने दो अन्य नामजद भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद घर लाए गए शव का मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार कर दिया गया। पिता ने कहा कि आरोपियों को सजा दिलाकर ही दम लेंगे।
एक मोहल्ला निवासी युवती से मिंटू उर्फ रशीद नामक युवक शादी का झांसा देकर पांच वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब युवती गर्भवती हो गई तो आरोपी ने उसका जबरन गर्भपात करा दिया। युवती ने 20 जून को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जिसपर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उसके बाद आरोपी के परिवार वाले समझौते का दबाव बनाने लगे। हताश होकर युवती ने 11 जुलाई की रात फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस को मिले सुसाइड नोट के आधार पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने वाले आरोपी युवक के पिता इम्तियाज, मां मीरा उर्फ फातिमा और तीन भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मां, पिता और भाई सीबू का चालान 12 जुलाई को ही भेज दिया था। 13 जुलाई को पुलिस ने अन्य दो आरोपी सगे भाइयों जाहिद और शाहिद को घर से गिरफ्तार कर चालान भेज दिया है। उधर पोस्टमार्टम के बाद आए शव का नगर के मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
--
‘पुलिस ने दिखाई होती गंभीरता तो बच जाती बेटी की जान ’
युवती के पिता ने बताया कि उनकी पुत्री ने आरोपियों के खिलाफ 15 जून को कोतवाली में तहरीर दी थी। उस समय भी पुलिस मुकदमा दर्ज करने और कार्रवाई करने में टाल मटोल करती रही। जब हिंदू युवा वाहिनी ने दबाव बनाया तो पुलिस ने चार दिन बाद रिपोर्ट तो दर्ज की लेकिन कोई कार्रवाई आगे नहीं बढ़ाई। जब 29 जून को डीएम और एसपी को विवेचना ट्रांसफर कर कार्रवाई करने की मांग की तो धौरहरा सीओ की विवेचना और बयान दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी लड़के को जेल तो भेज दिया, लेकिन उसके बाद लगातार पुलिस सुलह समझौते का दबाव बनाती रही। साथ ही विपक्षी परिवार भी मोबाइल पर कॉल करके लड़की पर बयान बदलने के दबाव डालता रहा। जिसकी शिकायत भी पुलिस से की गई। यदि पुलिस ने गंभीरता दिखाई होती तो शायद उनकी बेटी आज जिंदा होती।
-------------------
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हैंगिंग दर्शाया गया है। मृतका के पिता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर शेष दो आरोपियों को उनके घर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया, जिनका चालान भेज दिया गया है।
-रविंद्र कुमार वर्मा, सीओ, गोला