फरधान। बस से उतारते समय यात्री को चोट लग जाने के बाद मौके से बस भगा ले जाने के आरोप में रोडवेज बस चालक और परिचालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोतवाली सदर के गांव चमन पुरवा निवासी हासिम अंसारी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वे 16 अप्रैल 2025 को रोडवेज बस यूपी 25 एफटी 2891 से लखीमपुर से फरधान को आ रहे थे। फरधान कस्बे में बस पहुंचने के बाद रुक गई। हासिम बस से उतर ही रहा था उसी समय चालक ने अचानक बस आगे बढ़ा दी। इससे उसका संतुलन बिगड़ गया और सड़क पर गिर गया। सड़क पर गिरने की वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सहायता के लिए परिचालक कों आवाज भी लगाईं।
उसे गिरकर घायल होता देख चालक ने बस नहीं रोकी। मौके से बस समेत चालक और परिचालक दोनों फरार हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज कराने के बाद हासिम शुक्रवार को थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी ने बताया पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जांच की जा रही है।