निघासन। सिंगाही थाना क्षेत्र में बंजरिया पुल के पास रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में राजस्व विभाग के कानूनगो सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब निघासन तहसील में तैनात कानूनगो उमाशंकर गुप्ता कार से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार बंजरिया पुल के समीप पहुंची, तभी सामने से आ रहे मांझा फार्म निवासी बाइक सवार गुरसेवक सिंह की वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार कानूनगो उमाशंकर गुप्ता और उनके साथ बैठे डीएन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक सवार भी मौके पर ही घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और राहगीरों ने सभी घायलों को बाहर निकालकर निघासन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अरविंद पटेल ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही एसडीएम राजीव निगम और तहसीलदार दिव्यांशु शाही घटना स्थल पर पहुंचे और घायल कानूनगो को साथ में लेकर सीएचसी पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने वाहन को खाई से निकलवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
-
सड़क हादसे में युवक की मौत
मझगई। थाना क्षेत्र के गांव भगवंतनगर गुलरा निवासी अवधेश तिवारी के 20 वर्षीय पुत्र विशाल की हादसे में मौत हो गई। वह किसी काम से पलिया गया था। रविवार रात करीब आठ बजे वह बाइक से घर आ रहा था, तभी हाईवे पर धनीराम पुरवा के पास किसी अज्ञात वाहन से उसकी बाइक में टक्कर लग गई। हादसे में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मझगई थाना प्रभारी ने परिजनों को दी। घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के परिजनों के साथ तमाम ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। थाना प्रभारी राजू राव ने बताया कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से विशाल की मौत हो गई है। जांच कर वाहन का पता लगाया जाएगा। संवाद