बिजुआ। लखीमपुर-पलिया हाईवे पर मंगलवार देर शाम लखीमपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार एक सांड़ से टकरा गई। इससे कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। कार मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया। सांड़ ने भी दम तोड़ दिया।
गुलरिया निवासी 45 वर्षीय रामसिंह वर्मा गांव के ही सचिन प्रजापति की कार चलाता था। सोमवार को रामसिंह कार लेकर लखनऊ गया था। मंगलवार को वापस आ रहा था। लखीमपुर में सचिन प्रजापति और गांव मुड़िया हेमसिंह निवासी 35 वर्षीय राजू प्रजापति मिल गए। इसके बाद तीनों लोग कार से अपने अपने घर आ रहे थे।
पड़रिया तुला कस्बे में तेज रफ्तार कार सड़क पार कर रहे सांड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सांड़ हवा में उछलकर सड़क के किनारे रखे खोखे से जा टकराया। सांड़ की टक्कर से खोखा दूर खिसक गया। टक्कर से सांड़ भी मर गया। इसके अलावा कार चालक रामसिंह वर्मा तथा राजू प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई।
सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पड़रिया तुला चौकी प्रभारी उमराव सिंह ने मौके पर घायल सचिन प्रजापति को अस्पताल पहुंचाया।