फरधान। लखीमपुर-बेहजम मार्ग पर बरातियों की कार आगे जा रही ट्रैक्टर-ट्राॅली से भिड़ गई। हादसे में कार सवार दूल्हे के चचेरे भाई की मौत हो गई, जबकि चालक मामूली रूप से घायल हो गया है।
मंगलवार की रात शारदा नगर थाना क्षेत्र के गांव पतरासी से फरधान थाना क्षेत्र के गांव कोढ़ैय्या निवासी अनिल जायसवाल के यहां बरात आई थी। दूल्हे का चचेरा भाई मोहित जायसवाल रात में खाना खाने के बाद करीब साढ़े दस बजे कार से घर लौट रहा था। बताते हैं कि कार में चालक और मोहित ही सवार थे।
लखीमपुर-बेहजम मार्ग पर थाना फरधान क्षेत्र में लीलाकुआं के पास पहुंचने पर कार आगे जा रही ट्रैक्टर-ट्राॅली में पीछे से टकरा गई। हादसे में कार सवार दोनों लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया है। इसमें पतरासी निवासी दूल्हे के चचेरे भाई 22 वर्षीय मोहित जायसवाल की मौत हो गई, जबकि कार चालक आशीष कुमार मामूली रूप से घायल हो गया।
परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया परिजन मोहित को लेकर चले गए थे। दुर्घटना ग्रस्त कार पुलिस के कब्जे में है। अभी ट्रैक्टर-ट्राॅली का पता नहीं चल सका है।
ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकराकर बाइक चालक की मौत
महेवागंज। थाना क्षेत्र फूलबेहड़ के गांव जोहरा के निकट ट्रैक्टर-ट्राॅली में पीछे से टकराने से बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव जोहरा निवासी 22 वर्षीय रूपराम मंगलवार देर शाम गांव दाउदपुर जा रहा था। इसी दौरान वह गांव से पहले तटबंध के पास गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली में पीछे से टकरा गया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली कब्जे में ले ली है। प्रभारी निरीक्षक आलोक धीमान ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। संवाद