गन्ना सहकारी समितियों/चीनी मिल समितियों के सामान्य निकाय के गठन की प्रक्रिया में 23 मार्च को मतदान होगा। जिले के 473 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए सुबह नौ बजे से अपराह्न तीन बजे तक वोट पड़ेंगे।
जिले की 13 सहकारी गन्ना विकास समितियों में नामांकन प्रक्रिया के दौरान ही कई डेलीगेट निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं, जबकि 473 निर्वाचन क्षेत्रों में दो या इससे अधिक उम्मीदवार होने के चलते सोमवार को मतदान होगा। लखीमपुर समिति के लिए मौजी नसीरुद्दीन भवन के हाल, गोला और मैगलगंज समिति के लिए वहां की मंडी परिषद में मतदेय स्थल बनाया गया है। एआर कोआपरेटिव आरके सिंह ने बताया कि जिस क्षेत्र में जितने उम्मीदवार चुने जाने हैं, वहां के मतदाता उतने ही मत दे सकेेंगे। मसलन एक निर्वाचन क्षेत्र में छह उम्मीदवार मैदान में हैं तो अगर उसमें दो चुने जाने हैं, तो मतदाता दो मत देंगे। इसके लिए एक ही बैलेट पेपर का इस्तेमाल होगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना प्रारंभ हो जाएगी।
--
एसडीएम होंगे जोनल मजिस्ट्रेट
शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिए तहसीलवार संबंधित एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट नामित किया गया है, जबकि शांति व्यवस्था के लिए संबंधित तहसीलों के सीओ को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा स्टेटिक मजिस्ट्रेट और मतदेय स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की स्थानीय थाना और चौकी पुलिस की जिम्मेदारी होगी।
--
इतने निर्वाचन क्षेत्रों के लिए पड़ेंगे वोट
समिति निर्वाचन क्षेत्र
लखीमपुर 60
अरनीखाना 15
फरधान 41
गोला 143
मोहम्मदी 34
जेबीगंज 32
पलिया 17
मैगलगंज 9
संपूर्णानगर 11
ऐरा 10
भीरा 42
संपूर्णानगर चीनी मिल 6
बेलरायां चीनी मिल 53