पंचायत चुनाव में प्रधान और पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों के भाग्य खुलने का काउंट डाउन शुरू हो गया है। रविवार को सुबह सात बजे से प्रशासन द्वारा तय स्थलों पर मतगणना शुरू होगी। इसके लिए सभी ब्लाक मुख्यालयों पर तैयारी पूरी कर ली गई है। कर्मचारियों को मतगणना 24 घंटे के अंदर समाप्त करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने जीते हुए प्रत्याशियों के जुलूस निकालने पर रोक लगा दी है। वहीं मतगणना के दौरान 200 मीटर के दायरे में भीड़ लगाने पर पाबंदी रहेगी।
रविवार को ब्लाक मुख्यालयों और कॉलेजों में होने वाली मतगणना के लिए करीब 12 हजार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिसमें एक पाली में 4,425 कर्मचारी वोटों की गिनती करेंगे। वहीं 194 पार्टियों को रिजर्व में रखा गया है। एडीएम संतोष कुमार के मुताबिक 156 न्याय पंचायत की 1167 ग्राम पंचायतों की मतगणना कराने की तैयारी पूरी कर ली है। प्रत्येक न्याय पंचायत में छह टेबिल पर मतगणना होगी। इसमें चार टेबिल पर प्रधान पद के प्रत्याशियों के वोट गिने जाएंगे जबकि दो टेबिल पर पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों के वोटों की गिनती होगी। छह टेबिल वाली न्याय पंचायत में दो एआरओ लगाए गए हैं। जबकि तीन टेबिल होने पर एक एआरओ तैनात किया है। प्रत्येक एआरओ के साथ एक एआरओ रिजर्व में होगा। इसी तरह तीन मतगणना कर्मियों के साथ प्रत्येक टेबिल पर एक पर्यवेक्षक को नियुक्त किया गया है।
ईसानगर। ब्लाक की 81 ग्राम पंचायतों में प्रधान और सदस्य पद के लिए मतगणना की तैयारी पूरी है। मतगणना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। चारों ओर बैरियर और बैरीकेटिंग करके दो सौ मीटर से तक बिना पास के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। आरओ ओपी सिंह बताया कि कुल 11 न्याय पंचायतों की मतगणना समय से पूरी करने के लिए 63 टेबिल लगाई गई हैं। एक न्याय पंचायत के वोटों की गिनती के लिए छह टेबिल एवं फिरोजाबाद न्याय पंचायत की मतगणना तीन टेबिल पर की जाएगी। एसडीएम धौरहरा ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव एवं सीओ मनोज यादव ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। थानाध्यक्ष शिवानंद यादव ने बताया कि खमरिया सदर चौराहे के बैरियर से कोनियां तिराहे तक की सभी दुकानें और प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।
महेवागंज। फूलबेहड़ क्षेत्र की मतगणना महेवागंज स्थित उस्मानी डिग्री कॉलेज में सुबह सात बजे से शुरू होगी। शनिवार को एसडीएम सदर आलोक वर्मा, सीओ सिटी एमपी सिंह, नायब तहसीलदार आनंद तिवारी और बीडीओ रचना गुप्ता ने मतगणना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। बीडीओ ने मतगणना के बारे में बताया 18 एआरओ पर 54 टेबिल लगाई गई हैं। प्रत्येक टेबिल पर पांच कर्मचारी तैनात रहेंगे। स्ट्रांग रूम पर तैनात एसआई इंद्रबहादुर और सिपाहियों को सुरक्षा व्यवस्था में ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए। वहीं ब्लाक सभागार में आरओ डॉ. दिनेश सिंह ने मतगणना कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया।
200 मीटर की परिधि में मोबाइल और पानी प्रतिबंधित
मतगणना की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने मतगणना स्थल से 200 मीटर की परिधि में एजेंटों के मोबाइल और पानी रखने पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह नियम मतगणना कर्मियों पर नहीं लागू होगा।
इन कारणों से अवैध माने जाएंगे मतपत्र
-सादा बैलेट पेपर होने पर
-सिर्फ अंगूठे का निशान होने पर
-सादे स्थान पर मोहर लगे होने पर
-पहचान चिह्न बनाने पर
-एक से ज्यादा चिह्न पर मोहर लगाने पर
-दो चिह्नों के बीचोबीच मोहर लगे होने पर
-बैलेट पेपर पीठासीन द्वारा प्रमाणित न होने पर
-बैलेट पेपर नकली होने पर
चार घंटे पहले पहुंचेंगे मतगणना कर्मचारी
प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थलों पर रविवार की सुबह से शुरू होने वाली मतगणना के लिए कर्मचारियों को चार घंटे पहले ही बुलाया लिया गया है। इस निर्देश के बाद पहली पाली में मतगणना में लगे कर्मचारियों के शनिवार की देर शाम तक मतगणना स्थलों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दूसरी पाली में कर्मचारियों को मतगणना शुरू होने के चार घंटे पहले पहुंचने को कहा गया है। जैसे द्वितीय पाली की मतगणना शाम सात बजे से शुरू होनी है। इसमें लगे कर्मचारियों को मतगणना स्थल पर दोपहर दो बजे ही उपस्थिति दर्ज करानी होगी।
मतगणना स्थल की सुरक्षा सख्त
सिकंद्राबाद। पंचायत चुनाव की बेहजम ब्लाक की कन्हैया इंटर कॉलेज में होने वाली मतगणना को लेकर नीमगांव पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किया है। एसओ बृजेंद्र सिंह ने बताया कि मतगणना स्थल से सौ-सौ मीटर की दूरी पर एक पशु बाजार, दूसरा बेहजम चौराहा तथा तीसरा मतगणना स्थल के मुख्य द्वार के समीप बैरियर लगाया गया है। जिन पर एक दरोगा पुलिस और फोर्स तैनात रहेगी। इस दौरान बड़े वाहनों के आवागमन पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा। केवल सवारी बसें ही निकाली जाएंगी। सुरक्षा व्यवस्था में एक इंस्पेक्टर, चार दरोगा, 25 सिपाही और एक सेक्शन पीएसी के साथ थाने का फोर्स मौजूद रहेगा।