लखीमपुर खीरी। जनपद में कोरोना संक्रमितों के लिहाज से बड़ी और चिंता में डालने वाली खबर है कि रिकार्ड 87 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इससे पहले 24 घंटे में सबसे अधिक 67 संक्रमित मिले थे। बुधवार को आई रिपोर्ट में सदर तहसील यानी लखीमपुर क्षेत्र में 31 संक्रमित मिले हैं। कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 629 तक पहुंच गई है। एंटीजन टेस्ट में ग्रामीण क्षेत्रों में भी काफी लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। वही एक संक्रमित व्यक्ति की तीन अगस्त को लखनऊ में इलाज के दौरान मृत्यु हो चुकी है, जिससे मौत का आंकड़ा सात तक पहुंच गया है।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 24 घंटे में शाम पांच बजे तक 239 रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं, जिसमें 54 पॉजिटिव एवं 185 निगेटिव हैं। इसके अलावा अन्य लैब से 33 पॉजिटिव रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं। इस तरह कुल 87 पॉजिटिव रिपोर्ट प्राप्त हुई। वही एक संक्रमित व्यक्ति की तीन अगस्त को लखनऊ में इलाज के दौरान मृत्यु हो चुकी है। तहसील सदर में कुल 31 संक्रमित मिले हैं। मोहल्ला काशीनगर में पांच, बाजपेई कॉलोनी में एक, मिश्राना सब्जी मंडी में एक, कनौजिया कॉलोनी में एक, संकटा देवी में एक, द्वारिकापुरी में एक, अरविंदनगर निकट एनसीसी ऑफिस में एक, ईदगाह में एक, छाउछ चौराहा में एक, शंकरपुर में एक, बहादुरनगर में एक, नई बस्ती में एक, भरतपुरी में एक, फॉरेस्ट कॉलोनी में एक, शिवकॉलोनी में दो, विकास भवन में दो, जोधपुर में एक, चित्रा नर्सिंग हो में एक वार्ड ब्वाय, मोहल्ला ईदगाह में ब्लॉक कार्यालय लखीमपुर का एक तकनीकी सहायक संक्रमित मिला हैै। इसके अलावा गांव कारीपोखर में एक, बेहटा में एक संक्रमित मिला है। तहसील पलिया के मोहल्ला किसान प्रथम में एक और त्रिलोकपुर में दो पॉजिटिव मिले हैं। तहसील निघासन के तिकुनिया में पांच, बरसोला खुर्द में दो और सिंगाही में दो संक्रमित मिले हैं। तहसील मितौली के मैगलगंज में दो, सीएचसी मितौली में दो जिसमें एक एएनएम और एक नर्स, बाछेपारा में एक और खमरिया गांव में एक संक्रमित मिला है। तहसील धौरहरा के गांव ओझावा में एक संक्रमित मिला है। तहसील गोला गोकरणनाथ क्षेत्र में भी 20 संक्रमित मिले हैं, जिसमें मोहल्ला मुन्नूगंज में तीन, अर्जुननगर एक, नानक पुलिस चौकी का एक पुलिसकर्मी, ऊंची भूड़ में दो, पश्चिम दीक्षिताना में एक, तीर्थ क्षेत्र में चार, शास्त्रीनगर में एक, खुटार रोड पर एक, परसेहरा में एक, कोठीपुर में एक, कुंवरपुर में एक, सीएससी बांकेगंज के दो कर्मी, बांकेगंज में एक संक्रमित मिला हैै। तहसील मोहम्मदी में भी 15 संक्रमित मिले हैं, जिसमें मोहल्ला भीतर में एक, पूर्वी लखपेड़ा में छह, रेहरिया पुलिस चौकी के पांच पुलिसकर्मी, एक होमगार्ड, एक फॉलोवर संक्रमित मिला है।
डीएम ने बताया कि अब तक कुल 629 पॉजिटिव केस मिले हैं, जिनमें उपचार के बाद 293 पॉजिटिव व्यक्ति पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर डिस्चार्ज कर दिए गए। वर्तमान में कुल 329 एक्टिव पॉजिटिव केस है। वहीं अब तक सात लोगों की मृत्यु हो चुकी है।
पलिया में फिर कोरोना पॉजीटिव मिलने से खलबली
पलियाकलां। बुधवार को फिर तीन कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। एक मरीज पलिया के मोहल्ला किसान प्रथम का निवासी है। वहीं त्रिलोकपुर गांव निवासी हैं। इनके संपर्क में आए लोगों को चिह्नित कर उनकी भी जांच कराई गई है। सभी को होम क्वारंटीन किया गया है। जबकि इनके संपर्क में आए हुए 68 लोगों की जांच कराई गई है। रैपिड जांच में 44 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बाकी के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। बताते हैं कि इसमें शहर निवासी एक पॉजिटिव सुबह अयोध्या में भूमि पूजन की खुशी में मिठाई बांट रहा था, जिससे स्वास्थ्य विभाग ने सभी को अलर्ट कर जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
मोहम्मदी में छह लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए
मोहम्मदी। नगर के एक मोहल्ले में एक परिवार के एक बच्चे समेत चार लोग संक्रमित मिले हैं, जबकि दो अन्य लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप है। अब तक कुल 65 लोग संक्रमण का शिकार हो चुके हैं, जिनमें 37 लोग ठीक होकर घर वापस चले गए हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मोहल्ला पूर्वी लखपेड़ा में एक संक्रमित व्यक्ति के परिवार में चार लोग की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। कुल संक्रमित लोगों की संख्या 65 पहुंच गई, जिससे प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। डॉक्टर ने बताया कि सभी रोगियों की फोन के माध्यम से मॉनीटरिंग की जा रही है। संक्रमित लोगों को स्वास्थ्य विभाग के मोबाइल ग्रुप पर जोड़ा गया। जरूरत पड़ने पर डॉक्टरों की टीम भेजी जा रही है। मरीजों को तली, भुनी चीजों से परहेज रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मैलानी और पड़रिया तुला में सभी लोग निगेटिव निकले
मैलानी। लखीमपुर से आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सीएचसी अधीक्षक बांकेगंज डॉ केके रंजन के नेतृत्व में कोविड-19 का रैपिड एंटीजन टेस्ट किए। सच्चिदानंद ट्रस्ट धर्मशाला में लगे कैंप में नगर पंचायत चेयरपर्सन प्रतिनिधि देवेंद्र प्रताप, कोरोना वारियर्स सफाई कर्मियों, नगर पंचायत स्टाफ, बैंक कर्मियों सहित कुल 50 लोगों के टेस्ट किए गए। डॉ रंजन ने बताया कि रैपिड टेस्ट में सभी की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।
बिजुआ। पड़रिया तुला में प्रधान प्रतिनिधि विजय सिंह की अगुवाई में लगे कोरोना जांच शिविर में 75 लोगों की जांच हुईं, जिनमें सभी निगेटिव मिले हैैं। इससे लोगों ने राहत की सांस ली।