लखीमपुर खीरी। साइबर अपराधियों ने नौकरी का झांसा देकर एक युवक को ठग लिया। पीड़ित ने साइबर थाना पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली मोहम्मदी के कस्बा अमीरनगर निवासी फैज बेग ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि फरवरी 2024 में उसने इंस्टाग्राम पर एक विज्ञापन देखा, जिसमें वियतनाम में डाटा इंट्री की नौकरी के लिए संपर्क करने की बात लिखी थी। चैट के माध्यम से संपर्क कर जानकारी ली। ठग ने अपना नाम मिनहाज आलम निवासी बिहार बताया, जिसने हवाई जहाज का टिकट बुक करवाया, वियतनाम आने को कहा।
फैज बेग 21 फरवरी को वियतनाम पहुंचा, जहां से उसे कार से कंबोडिया ले जाया गया। वहां ऑनलाइन माध्यम से अज्ञात लोगों के साथ फॉरेक्स ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर निवेश करने का झांसा देकर ठगी करने का काम सौंपा। जब उसने यह काम करने से इन्कार किया तो आरोपियों ने धमकाया। आरोपी जबरन फर्जी आईडी से लोगों के साथ निवेश कराने के लिए ठगी किए जाने के लिए चैटिंग करवाते थे। चार माह आरोपियों के दबाव में काम किया। इसके बाद उसने किसी तरह भारतीय दूतावास से संपर्क कर खुद को आरोपियों के चंगुल से छुड़वाया। पुलिस ने फैज बेग की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।