उम्र सत्यापन के लिए इस एप की ली जा रही मदद। संवाद
लखीमपुर खीरी। रोडवेज बस में 60 साल के ऊपर की बुजुर्ग महिलाओं को मुफ्त सफर के बीच उम्र सत्यापन में बड़ी समस्या आ रही है। 60 साल से एक-दो दिन के अंतर पर उम्र का सही आंकलन न होने से महिला बुजुर्गों के साथ परिचालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सही उम्र निकालने के लिए परिचालक को हिसाब लगाना पड़ता है, लेकिन अब इस समस्या का समाधान कैलकुलेट एज से निकल सकेगा। कैलकुलेट एज पर आधार कार्ड पर दिए गए जन्मतिथि को डालते ही उम्र की सही जानकारी हो जाएगी। दिन, माह और साल का आंकड़ा निकल जाएगा। 60 साल या इससे ऊपर होने पर मुफ्त सफर का लाभ मिलेगा, इससे एक दिन भी कम होने पर किराया चुकाना पड़ेगा।
लखीमपुर और गोला डिपाे से संचालित होने वाली रोडवेज बसों में इस तरह के कई मामले भी सामने आए हैं। इसके बाद आरएम हरदोई के निर्देश पर लखीमपुर और गोला डिपो में यह व्यवस्था शुरू की है। हरदोई आरएम गौरव वर्मा ने बताया कि रीजन के सभी परिचालकों को अपने मोबाइल पर यह एप डाउनलोड कर इसके इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं।