लखीमपुर खीरी। करवाचौथ पर शहर के बाजारों में खरीदारी की रौनक रही। साड़ी, लहंगे, श्रृंगार सामग्री और पूजा के बर्तनों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। दो दिनों में जिलेभर में 27 लाख रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। त्योहार पर अच्छी बिक्री से व्यापारियों के चेहरे खिले हैं। अब उन्हें दीपावली और धनतेरस पर भी बाजार में रौनक बढ़ने की उम्मीद है।
करवाचौथ पर महिलाओं ने नए परिधानों और श्रृंगार सामग्री की जमकर खरीदारी की। खपरैल बाजार, मेन रोड से लेकर मॉल तक साड़ी और लहंगों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। दुकानदार प्रतीक, रचित, शेखर, फहीम और धर्मचंद जैन ने बताया कि करवा चौथ पर जिले में करीब 15 लाख रुपये से अधिक की साड़ी और लहंगों की बिक्री हुई होगी।
श्रृंगार और कॉस्मेटिक की दुकानों पर भी खूब खरीदारी हुई। खपरैल बाजार के दुकानदार हृदेश, प्रवीण, सिद्दीक और अहमद ने बताया कि खपरैल बाजार समेत शहर की दुकानों पर श्रृंगार और कॉस्मेटिक सामग्री की बिक्री करीब पांच से सात लाख रुपये तक रही। जिलेभर में यह आंकड़ा 10 लाख रुपये के पार पहुंचने का अनुमान है।
करवा चौथ की पूजा के लिए बर्तनों की दुकानों और फुटपाथ पर भी महिलाओं की भीड़ रही। लोटा, थाली, छलनी समेत पूजा में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों की खरीदारी की गई। दुकानदार युवराज तिवारी, गोपाल सिंह, लक्ष्मी, कृष्ण कुमार पांडेय और इसराइल ने बताया कि जिलेभर में करीब दो लाख रुपये के बर्तनों की बिक्री का अनुमान है। करवा चौथ पर आमतौर पर एक-दो बर्तन ही खरीदे जाते हैं, इसलिए बिक्री सीमित रहती है। अब व्यापारियों को धनतेरस पर बर्तनों की अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है।