लखीमपुर खीरी। दिसंबर 2020 मेें सबसे अधिक यूरिया खाद बेचने वाले दुकानदार और खरीददार की टॉप 20 बॉयर सूची भारत सरकार ने भेजी है, जिसका सत्यापन करने के लिए गुरुवार को जिला कृषि अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ उचौलिया पहुंचे तो दुकान बंद कर व्यापारी मौके से भाग निकला, जिस पर कृषि अधिकारी ने दुकान को सील कर नोटिस चस्पा कर दिया है।
टॉप 20 बॉयर की सूची में उचौलिया स्थित गिल फर्टिलाइजर का नाम शामिल है, जिसने दिसंबर 2020 में मोहिद्दीनपुर निवासी किसान शराफत को 42 बोरी यूरिया और डंडौलिया निवासी किसान युनुस को 40 बोरी यूरिया बेची हैं। गुरुवार को जिला कृषि अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह स्टॉक व अभिलेखों का सत्यापन करने गिल फर्टिलाइजर पहुंचे तो दुकान बंद मिली। आसपास के लोगों ने पूछने पर बताया कि कुछ देर पहले ही व्यापारी दुकान बंद करके कहीं चले गए हैं। इससे कृषि अधिकारी मौके पर स्टॉक का सत्यापन कार्य नहीं कर सके तो उन्होंने दुकान को पुलिस की मौजूदगी में सील कर दिया। साथ ही फर्म के नाम नोटिस चस्पा किया है। अब मामला डीएम के पास पहुंचेगा, जिसके बाद स्टॉक में गड़बड़ी पाए जाने पर व्यापारी के खिलाफ लाइसेंस निलंबन/निरस्तीकरण और एफआईआर की कार्रवाई हो सकती है।
हर महीने टॉप 20 बॉयर की सूची भारत सरकार सत्यापन के लिए भेजती है, जिसमें जोत व फसल के आधार पर किसानों को खाद का वितरण किया जा रहा है या अनियमितताएं हो रही हैं इसकी जांच स्टॉक के सत्यापन के जरिए की जाती है। इसके अलावा पॉस मशीन की भी जांच की जाती है।
- सत्येंद्र प्रताप सिंह, जिला कृषि अधिकारी