लखीमपुर खीरी। दिवाली के अगले दिन सोमवार को रोडवेज बस अड्डे पर सन्नाटा पसरा रहा। यात्रियों की संख्या बेहद कम होने से अधिकांश बसें खड़ी रहीं।
विज्ञापन
हालांकि, भैयादूज के बाद नौकरी और कारोबार के लिए दूसरे शहरों में रहने वाले लोगों की वापसी शुरू होने की संभावना है। इसे देखते हुए रोडवेज ने प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी की है।
लखीमपुर और गोला डिपो की योजना के तहत लखनऊ मार्ग पर 70 और दिल्ली के लिए 40 अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी। जयपुर और हरिद्वार के लिए 10-10, कानपुर के लिए पांच तथा शाहजहांपुर और सीतापुर के लिए 15-15 बसें चलाने की तैयारी है।
गोला डिपो प्रभारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि डिपो ने पूरी तैयारी कर ली है। गोला से सबसे ज्यादा बसें दिल्ली भेजी जाएंगी। लखीमपुर डिपो की एआरएम गीता सिंह ने बताया कि दिल्ली, कानपुर, बहराइच, लखनऊ, सीतापुर और शाहजहांपुर समेत अन्य मार्गों पर बसें भेजने की तैयारी है, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो। मंगलवार से यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।