अमीरनगर/मितौली। जिले की दो अलग तहसीलों मोहम्मदी और मितौली इलाकों में मंगलवार को दो सांड़ों ने दो बुजुर्गों ग्रामीणों को पटककर मार डाला। मोहम्मदी कोतवाली के अमीरनगर चौकी क्षेत्र में सांड़ ने बुजुर्ग निर्मल सिंह तो मितौली इलाके के मिन्नापुर में सांड़ ने बुजुर्ग कामता प्रसाद को पटककर मार डाला। पूरे जिले में अब तक एक साल के अंदर कुल 22 लोगों को सांड़ मौत के घाट उतार चुके हैं।
मोहम्मदी कोतवाली के अमीरनगर चौकी क्षेत्र के गांव हजरतपुर निवासी 70 वर्षीय किसान निर्मल सिंह मंगलवार सुबह अपने घर से कुछ दूर बंधी गाय को खूंटे से खोल रहे थे। तभी पीछे से आए सांड़ ने अचानक हमला कर उन्हें पटक-पटक कर मौके पर ही मार डाला।
परिजनों और राहगीरों ने जब तक सांड़ को खदेड़ा तब तक निर्मल सिंह की मौत हो चुकी थी। निर्मल सिंह अपने खेत में मकान बनाकर रहते थे। मृतक का एक बेटा पंजाब में है दूसरा बेटा नवदीप सिंह साथ में रहता है। उसने बताया कि सुबह वह दूसरे खेत में गन्ने की बुआई कर रहा था। घटना के वक्त वह घर में नहीं था। मौत के बाद से परिवार सदमे में है। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मितौली थाना क्षेत्र के गांव मिन्नापुर के 67 वर्षीय कामता प्रसाद अपनी पत्नी रामकली के साथ झोंपड़ी में रहते थे। उन्होंने एक गाय पाल रखी थी। मंगलवार सुबह करीब तीन बजे एक सांड़ घर में घुस आया। कामता प्रसाद सांड़ को भगाने लगे तो वह हमलावर हो गया। उनके पेट और सीने में पर गहरे घाव हो गए। पत्नी रामकली ने चीखते चिल्लाते हुए पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसियों ने सांड़ को भगाकर 108 एंबुलेंस को फोन किया। कुछ देर में कामता की मृत्यु हो गई। खबर पाकर गांव में रह रहे कामता प्रसाद के परिजन भी वहां आ गए। सूचना पर पहुंचे कानूनगो राजेंद्र प्रसाद वर्मा और लेखपाल सुशील मिश्रा से परिजनों ने पोस्टमार्टम के लिए लिखित में इन्कार कर दिया है।
मितौली में अब तक इन्हें मिला मुआवजा
- एक साल में तीन की हुई मौत, परिजनों को पांच लाख का मुआवजा मिला
1- 20 जुलाई 2021 को थाना क्षेत्र के पंचायत मुरासा के गांव सिद्धपुर में रामकुमार पुत्र परसादी (45) अपने गांव के बाहर खेत में धान की निराई कर रहा था। तभी अचानक पीछे से आकर एक सांड़ ने उठाकर पटक दिया। इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। परिजनों ने बताया कि पांच लाख की मुआवजा राशि मिल चुकी है।
2- 4 नवंबर 2021 को थाना क्षेत्र के भंडेवरा गांव के भभूती प्रसाद (61) अपने खेतों में काम कर रहे थे। तभी अचानक पीछे से आए सांड़ ने उठाकर पटक दिया। परिजन उन्हें मितौली सीएचसी लेकर पहुंचे थे। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। परिजनों ने बताया कि पांच लाख की मुआवजा राशि मिल चुकी है।
3- 1 दिसंबर 2021 को ग्राम पंचायत कल्लिया रामपुर के मजरा चंदपुरवा के रहने वाले किसान अनंतराम मिश्रा (60 ) अपने खेत में गेहूं बुआई करने गए थे, जहां सांड़ ने पटककर उन्हें घायल कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों ने बताया कि मुआवजा राशि मिल चुकी है।
कई लोगों की जा चुकी है जान पर नहीं मिला मुआवजा
गोला गोकर्णनाथ। सात जुलाई को खेत में चर रहे सांड़ को भगाने गए गजियापुर निवासी 25 वर्षीय रघुवीर को सांड़ ने पटक कर मार डाला था। लंदनपुर ग्राम पंचायत के गांव रम्मापुर निवासी 58 वर्षीय सोबरन लाल, हैदराबाद गांव में 52 वर्षीय प्रभु दयाल, परेली गांव में 68 वर्षीय राम नरेश शुक्ला, इटौवा गांव में 50 वर्षीय हरि शंकर दीक्षित की सांड़ के हमले में मृत्यु हो गई थी। तहसीलदार विनोद गुप्ता ने बताया कि अभी तक किसी ने मुआवजे के लिए आवेदन नहीं किया है। इसके अलावा खोखाय के विनोद वर्मा, राम मूर्ति, बाबा नारायण दास, ममरी में यदुनंदन प्रसाद, रोशन नगर में संत शरण पांडे, नेतराम, राम रत्न, धिरावा के बनवारी लाल वर्मा, जमील अहमद, कंधई लाल समेत एक दर्जन लोग आवारा पशुओं के हमले में घायल हो चुके हैं।
मृतक निर्मल सिंह का फाइल फोटो