जिले भर में 11वें दिन भी बंद रहा सराफा कारोबार
एक्साइज ड्यूटी के विरोध में सराफा कारोबार शनिवार को 11वें दिन भी बंद रहा। सराफा प्रतिष्ठानों पर ताले लटके रहे। तीन दिन के लिए शुरू हुई हड़ताल अब अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल गई है। सराफा कारोबारियों ने अपना व्यवसाय बंद कर सराफा मंडी में सभा की। सभा की अध्यक्षता सराफा एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अनिल गुप्ता ने की।
सभा को संबोधित करते हुए अनिल गुप्ता ने कहा कि सवाल ज्वैलरी पर एक्साइज का नहीं है, सवाल यह है कि व्यापारियों पर सारे टैक्स क्यों थोपे जाते हैं। व्यापारियों को विश्वास में क्यों नहीं लिया जाता। कहा-हमें टैक्स देने में कोई गुरेज नहीं है लेकिन कर प्रणाली का सरलीकरण होना चाहिए। कर एकत्र करने के क्या तरीके हो सकते हैं यह व्यापारियों के साथ बातचीत कर तय करना बेहद जरूरी है। उन्होंने इस काले कानून को वापस लेने की मांग की।
सभा में अंकित गुप्ता, आलोक रस्तोगी, मनोज सहगल, हरिश्याम गुप्ता, संतोष गुप्ता, मनीष गुप्ता, गौरव गुप्ता, जगदीश पुरी, सुरेश अग्रवाल, अतिन गर्ग, नितिन रस्तोगी, अंशुल बरनवाल, अनूप गुप्ता, विकास पुरी आदि मौजूद रहे।
गोला गोकर्णनाथ। सराफा व्यवसाइयों ने नगर की सड़कों पर चाट बेचकर एक्साइज ड्यूटी का विरोध किया। लगातार चली आ रही सराफा कारोबार बंदी के कारण आभूषण कारीगरों को जीविका संकट पैदा हो गया है। उन्होंने शीघ्र बंदी समाप्त कराने और एक्साइज ड्यूटी वापस लेने की मांग की । नगर में दो मार्च से एक्साइज ड्यूटी के विरोध में सराफा व्यवसायी अपना कारोबार बंद कर धरना देकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सराफा व्यवसाइयों ने नगर की सड़कों पर चाट बेचकर वित्त मंत्री मुर्दाबाद, एक्साइज ड्यूटी वापस लो के नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
सराफा व्यापारी मंच के अध्यक्ष राजकुमार राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार सराफा व्यापारियों का कारोबार छीनने का काम कर रही है। सराफा कमेटी के अध्यक्ष रामचंद्र रस्तोगी ने कहा कि एक्साइज ड्यूटी के विरोध में आंदोलन किसी भी हद तक लगातार जारी रहेगा। उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अरुण अवस्थी ने सराफा व्यवसाइयों का समर्थन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल के निर्देशन पर 17 मार्च को व्यापार की भारत बंदी की घोषणा की।
इस मौके पर राममोहन सोनी विवेक गुप्ता, द्वारिका प्रसाद रस्तोगी, सचिन रस्तोगी, अभिषेक राजपूत, दुर्गेश सोनी, संजीव राजपूत, अनुराग राजपूत, बलवंत सोनी, रामरक्षपाल राजपूत, किशन सोनी, दीपक राजपूत, चंदन सेठी, श्याम राजपूत, रवींद्र निरंकारी, सहदेव लाल, शिवचंद्र रस्तोगी आदि मौजूद रहे।
सराफा कारोबार बंदी से आभूषण कारीगरों को संकट
संसारपुर निवासी राजेश कुमार अलीगंज रोड स्थित अभिषेक ज्वैलर्स के यहां आभूषण कारीगर हैं। उन्होंने कहा कि होली के मौके पर कारोबार बंदी के चलते कंगाली छा गई है। उनके आगे परिवार चलाने का संकट आ गया है।
पूर्वी दीक्षिताना निवासी आभूषण कारीगर आशीष राजपूत का कहना है कि उनका बंदी के कारण काम ठप है। वह उधारी लेकर काम चला रहे हैं।
मुन्नूगंज निवासी गोविंद ज्वैलर्स पर काम करने वाले आभूषण कारीगर प्रमोद कुमार सराफा कारोबार बंदी से काफी आहत हैं। बंदी के चलते उनका होली का त्योहार फीका रह जाएगा। मुन्नूगंज निवासी अमित राजपूत नगर के सराफा कारोबारियों से सामान लाकर घर पर आभूषण बनाने और मरम्मत कार्य कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। कारोबार बंदी के कारण उन्हें आर्थिक तंगी सताने लगी है।