खीरी टाउन। क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर कैमहरा में एक सांड़ ने हमला कर राहगीरों और गांव के पांच लोगों को घायल कर दिया। उन्हें ओयल ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। इलाज के दौरान 70 वर्षीय बाबूराम की मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर बाद सांड़ को ट्रैंकुलाइज कर पकड़ लिया गया। उसे गोशाला में छोड़ा गया है।
प्रधान के पति शिवकुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह चार लोग सांड़ के हमले से घायल हुए। इस पर उन्होंने उच्चाधिकारियों को फोन पर जानकारी दी, लेकिन सांड़ को पकड़ने कोई नहीं आया। फिर शाम को सांड़ ने दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
शुक्रवार सुबह सांड़ ने खेत में काम करने जा रहे चार लोगों को दौड़ा लिया, जिसमें एक बच्चे ने पेड़ पर चढ़कर जान बचाई। अब तक गांव में सांड़ के हमले से सबीना पत्नी रसीद, बृजकिशोर, गुडा देवी पुत्री रामजीवन, सुधीर निवासी दियारतन गंभीर रूप से घायल है, जबकि 70 वर्षीय बाबू राम की इलाज के दौरान मौत हो गई। ग्राम प्रधान शांती देवी ने बताया कि वृद्ध की मौत के बाद प्रशासन जागा।