शाहजहांपुर। राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत नगर निगम के शहीद द्वार के पास बहुमंजिला कार पार्किंग और तारामंडल का निर्माण किया जा रहा है। शासन से इसके लिए बजट की स्वीकृति मिल गई है। इनके निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। निगम के अधिकारियों के मुताबिक 15 दिनों में दोनों भवनों का निर्माण शुरू हो जाएगा।
बड़े शहरों की तर्ज पर तारामंडल बनाया जा रहा है। इसका बजट 20.62 करोड़ रुपये है। इसमें छात्रों के अध्ययन के लिए हॉल बनाया जाएगा। इसमें बड़ी स्क्रीन लगाई जाएगी। बच्चे से लेकर बड़े लोग तारामंडल में होने वाली घटनाओं के बारे में जानकारी ले सकेंगे। इसके पास में चार मंजिला कार पार्किंग बनाई जा रही है।
इसका 13 करोड़ का बजट स्वीकृत हुआ है। ग्राउंड फ्लोर में चारपहिया वाहनों को खड़े करने की व्यवस्था होगी। ऊपर के चार मंजिलों का व्यावसायिक इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें शॉपिंग कॉम्पलेक्स आदि का निर्माण कराया जाएगा।
-
कार पार्किंग बनने से जाम की समस्या से मिलेगी निजात
नगर निगम के आसपास, सदर, गोविंदगंज और बहादुरगंज में लोग चारपहिया वाहन लेकर आते हैं और सड़क किनारे खड़ा कर देते हैं। इससे बाजार में जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। बाजार आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कार पार्किंग स्थल का निर्माण होने से जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी। पार्किंग बनने के बाद सड़क पर वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध यातायात पुलिस कार्रवाई करेगी।
तारामंडल और बहुमंजिला कार पार्किंग के लिए बजट की स्वीकृति हो गई हैं। टेंडर प्रक्रिया चल रही है। संभावना है कि 15 दिनों टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण एजेंसी कार्य शुरू कर देगी।
- डॉ. बिपिन कुमार मिश्र, नगर आयुक्त