तहसील क्षेत्र की नगर पंचायत बरवर में बुखार से दो लोगों की मौत हो गई। शनिवार को शाकिर अली की पत्नी ने दम तोड़ दिया जबकि रविवार की सुबह हबीब की मौत हो गई। कस्बे में अब तक बुखार से करीब दस लोगों की जान जा चुकी है वहीं कई परिवार बुखार से पीड़ित हैं।
शनिवार की शाम तेज बुखार के कारण मोहल्ला बलरामनगर निवासी शाकिर अली की पत्नी (55) की और रविवार की सुबह मौलवीगंज के हबीव (55) की मौत हो गई। इससे पहले कस्बे में कोट मोहल्ले की मोहम्मद अहमद की पत्नी हुमैरा खातून (40), इशहाक की 30 वर्षीय पत्नी मेहरुन्निशां, मोहल्ला जलील नगर के हनीफ खां (55), रोशनजहां (45), मौलवीगंज के नवी पहलवान (60), देविस्थान मोहल्ले के नसरुल्ला (50) के अलावा प्रेमनगर और सुभाष नगर में भी दो मौतें हो चुकी हैं। कस्बे में कई परिवार के परिवार बीमार हैं।
पसगवां अधीक्षक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने बताया की उनकी ड्यूटी चंदनचौकी में लगी है। हालांकि उन्होंने उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना देते हुए अपने यहां की टीम को मरीजों का परीक्षण के लिए भेजा है।
डेंगू पीड़ित की दुबारा बिगड़ी हालत
भूपतिपुर। मितौली क्षेत्र के ग्राम परसेहरा निवासी 35 वर्षीय राजेश दीक्षित को दो सप्ताह पूर्व डेंगू हो गया था। इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार हो गया था लेकिन रविवार को फिर उसकी हालत बिगड़ गई परिवार के लोग उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ लेकर गए हैं।
राजेश दीक्षित को दो सप्ताह पूर्व डेंगू होने पर शाहजहांपुर स्थित पंडित रामप्रसाद विस्मिल ट्रामा सेंटर ले जाया गया था। वहां नौ दिन तक चले इलाज के बाद स्थिति सामान्य होने पर परिवार वाले गुरुवार को उसे घर ले आए थे। रविवार को फिर उसकी हालत बिगड़ गई। परिवार के लोग उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर ले गए हैं। जहां उसकी हालत में सुधार है।