लखीमपुर/महेवागंज। सदर कोतवाली के ग्राम सफीपुर निवासी दिव्यांग खुशबू (25) की हत्या उसके छोटे भाई रंजीत ने पांच बीघा जमीन के लालच में की थी। पुलिस ने घटना का खुलासा कर आरोपी रंजीत को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
नौ अप्रैल को खुशबू का शव घर में चारपाई पर मिला था। शरीर पर चोट के निशान थे। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में सिर की हड्डी टूटने से मौत की पुष्टि हुई। खुशबू मूकबधिर थी और दोनों पैरों से दिव्यांग थी।
बताया गया कि मां-बाप की मौत के बाद तीनों भाई-बहनों के हिस्से में पांच-पांच बीघा जमीन आई थी। खुशबू अपने छोटे भाई रंजीत और बड़े भाई विनोद के परिवार के साथ रह रही थी। जमीन के लालच में दोनों भाई उसे अपने पास रखते थे। घटना के बाद सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी ने भी मौके का निरीक्षण किया था और पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस का शक छोटे भाई रंजीत पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने हत्या करना कबूल कर लिया।
-
रंजीत की पत्नी ने सेवा करने से किया था इन्कार
रंजीत कुमार वर्मा निवासी ग्राम सफीपुर की पत्नी खुशबू को अपने साथ रखने के लिए तैयार नहीं थी। रंजीत के अनुसार, खुशबू के हिस्से की जमीन दोनों भाइयों को आधी-आधी मिलनी थी, इसलिए वह बारी-बारी से दोनों के साथ रहती थी। खुशबू के मूकबधिर और दिव्यांग होने के कारण रंजीत की पत्नी उसे रखने का विरोध करती थी। इसी विवाद और जमीन के लालच में रंजीत ने उसकी हत्या कर दी।