घटनास्थल पर लोडर (छोटा हाथी) के नीचे फंसी बाइक। सोशल मीडिया
अमीरनगर। भाई दूज पर बहन के घर जा रहे बाइक सवार पीरपुर निवासी अंबुज मिश्रा (25) की इंदिरानगर गांव के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। वहीं, उनके दो भाई बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
पंकज मिश्रा ने बताया कि उनकी बेटी की शादी फरधान क्षेत्र के पचपेड़वा गांव में हुई है। उनके तीन बेटे अंबुज, कमल किशोर और सचिन भाई दूज पर बाइक से पचपेड़वा जा रहे थे। बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे इंदिरानगर गांव के उत्तर में झाऊपुर की ओर से अमीरनगर की तरफ से सामने से आ रहे छोटा हाथी वाहन की टक्कर उनकी बाइक में लग गई।
हादसे में अंबुज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कमल और सचिन बुरी तरह घायल हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस चौकी प्रभारी राघवेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भेजा। इधर, घटना के बाद छोटा हाथी चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।