भावलखेड़ा। आरसी मिशन थाने के एक मोहल्ले में संदिग्ध हालात में युवती के फंदे पर लटककर खुदकुशी करने के मामले ने बुधवार को नया मोड़ ले लिया।
उसके छोटे भाई ने बड़े भाई और पिता के खिलाफ बहन को आत्महत्या के लिए उकसाने की थाना रामचंद्र मिशन में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
छोटे भाई ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसका बड़ा भाई बहन को सोशल मीडिया पर गलत मेसेज भेजता था। इससे वह तनाव में रहती थी। जब उसने पिता से शिकायत की तो उन्होंने भाई को समझाने के बजाय बहन को ही पीट दिया और उसे जान से मारने की धमकी दी।
इससे वह गहरे सदमे में आ गई। युवती ने 11 जुलाई को अपनी कॉपी में लाल पेन से सारी बातें भी लिखीं थीं। 12 जुलाई की रात उसने आत्महत्या कर ली।
इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि युवती के शव का पोस्टमाॅर्टम कराया गया था। बताया कि मामले में आराेपी भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब आरोपी पिता की तलाश की जा रही है।