पलियाकलां। शहर के संपूर्णानगर मार्ग स्थित एक मंदिर में भगवान गणेश की मूर्ति अराजक तत्वों ने खंडित कर दी। पता चला तो मोहल्लेवासी एकत्र हो गए और हंगामा करने लगे। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी ने सीओ के साथ मंदिर का जायजा लिया। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले।
मोहल्ला सुभाषनगर में सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज जाने वाले रास्ते पर स्थित एक मंदिर में मंगलवार को सुबह पुजारी और कुछ भक्त पहुंचे तो वहां भगवान गणेश की मूर्ति खंडित मिली। मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला बढ़ता देख एएसपी नैपाल सिंह, सीओ यादवेंद्र यादव, कोतवाल मनबोध तिवारी मौके पर पहुंचे।
आस-पास के सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पुलिस ने जल्द खुलासा का आश्वासन दिया है। सुभाषनगर के पालिका सदस्य आशुतोष शुक्ला ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात पर मूर्ति को खंडित करने रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल मनबोध तिवारी ने बताया कि भगवान गणेश की करीब छह इंच की मूर्ति खंडित पाई गई थी। मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची जा रही है। फिलहाल अभी कोई संदिग्ध नहीं मिला है। पुलिस छानबीन कर रही है।