ईसानगर के गांव कबीरपुर में विवाद के बाद एक-दूसरे पर ईंट पत्थर चलाते लोग। स्रोत : वीडियो ग्रैब
धौरहरा। ईसानगर थाना क्षेत्र के गांव कबीरपुर में बैंड-बाजे को लेकर ताजियेदारों में मारपीट के बाद पथराव हो गया। दो ताजियेदारों को चोटें आई हैं।
कबीरपुर मजरा चकदहा गांव में ताजिये के जुलूस के दौरान बैंड-बाजा बजाने को लेकर छोटल्ली और वाजिद में मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों तरफ से जमकर ईंट, पत्थर व डंडे चलने लगे। इसमें वाजिद को गंभीर चोटें आईं तथा दूसरे पक्ष में छोटल्ली की पुत्री नूरी चोटिल हो गई। ईसानगर पुलिस पर मौके पहुंची और घायलों को मेडिकल के लिए भेजकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस ने दोनों पक्षों से दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में ताजिये करबला में दफन किए गए। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार गंगवार ने बताया मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। ताजिया शांतिपूर्ण ढंग से दफन किए गए।