गोला गोकर्णनाथ। कोतवाली क्षेत्र में केशवापुर के पास ईंट भट्ठा मुनीम का शव परिसर में बनी झोंपड़ी में पड़ा मिला है। परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
गांव पुनर्भू ग्रंट निवासी देवश्री ने बताया कि उनके पति रामशंकर (40) केशवापुर के पास शान मोहम्मद के ईंट भट्ठे पर आठ वर्षों से मुनीम थे। रविवार की सुबह पांच बजे वह रोज की तरह काम पर गए थे और बिल्कुल ठीक थे। परिजनों का कहना है कि दोपहर करीब तीन बजे उन्हें सूचना मिली। मौके पर जाकर देखा तो रामशंकर का शव झोंपड़ी में पड़ा था।
परिजनों का आरोप है कि होली से पूर्व भट्ठे के मैनेजर से विवाद हो गया था। आरोप है कि भट्ठा मालिक ने घटना होने के बावजूद भी न तो परिजनों से बात की और न ही मौके पर आए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। इधर ईंट भट्ठा मालिक ने बताया कि वह बाहर हैं। वह परिवार वालों के दुख में उनके साथ हैं।