सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत फरवरी माह में शहरी क्षेत्र, बाढ़ आपदाग्रस्त गांवों और थारू गांवों के एपीएल कार्ड धारकों को 35 किलो गेहूं मिलेगा। फरवरी माह में वितरण के लिए जिले को अतिरिक्त गेहूं का आवंटन मिला है। इसके अलावा पिछले माह के उठान में अवशेष रहे गेहूं का भी इस माह के आवंटन के साथ उठान कराया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. राकेश तिवारी ने बताया कि फरवरी माह के लिए नियमित आवंटन के मुताबिक प्रति राशन कार्ड 14.762 किलो, अतिरिक्त आवंटन से 7.351 किलोग्राम गेहूं के साथ माह जनवरी 2016 के उठान से अवशेष गेहूं का जो उठान माह फरवरी में कराया गया है उससे 8.086, कुल 32.678 किलो गेहूं के सापेक्ष एपीएल कार्ड धारकों को कुल 35 किलोग्राम प्रति राशन कार्ड गेहूं का वितरण किया जाएगा।
डीएसओ ने बताया फरवरी माह मे 35 किलो प्रति राशन कार्ड गेहूं का वितरण नगरीय क्षेत्र के साथ-साथ बाढ़ और दैवीय आपदाग्रस्त गांवों और थारू गांव के एपीएल कार्ड धारकों को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोटेदार नए आवंटन के मुताबिक वितरण नहीं कर रहा है तो इसकी शिकायत जिला पूर्ति कार्यालय, संबंधित एसडीएम और पूर्ति निरीक्षक से की जा सकती है।