मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय सहाबगंज रेहरिया में पढ़ने वाली छात्रा का शव स्कूल के छात्रावास के कमरे में पंखे से लटकता मिला। पता चला तो स्कूल में हड़कंप मच गया। समाज कल्याण अधिकारी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के सामने छात्रा का शव नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घटना बुधवार रात की है। पुलिस के अनुसार रात करीब 8:30 बजे सहाबगंज चौकी रेहरिया में स्थित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय सहाबगंज रेहरिया में पढ़ने वाली छात्रा निधि यादव (16) पुत्री प्रमोद यादव निवासी पड़रिया थाना मोहम्मदी खीरी ने बालिका छात्रावास में खुद के कमरे में रीतू सिंह के बिस्तर पर पंखे में दुपट्टा बांध कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना पर छात्रा के परिजन भी आ गए। परिजन की मौजूदगी में दरवाजे को तोड़कर छात्रा का शव फंदे से नीचे उतारा गया। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चला है। पुलिस जांच में जुटी है।