सरकार का स्पष्ट निर्णय न होने से पशोपेश में प्रधानाचार्य
गोला गोकर्णनाथ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा-2021 को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया है, जिससे बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले प्रदेश के करीब 56 लाख विद्यार्थी असमंजस में हैं। यहां बता दें कि हाईस्कूल इंटरमीडिएट की परीक्षा 20 मई तक के लिए स्थगित हैं। वहीं प्रदेश सरकार ने कोरोना संकटकाल में 17 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है। ऐसे में बोर्ड परीक्षाएं स्थगित होंगी या रद्द इसे लेकर परीक्षार्थियों में असमंजस की स्थिति बरकरार है।
प्रदेश सरकार का स्पष्ट निर्णय न होने पर कॉलेजों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक भी पशोपेश में हैं। लॉकडाउन में कॉलेज तो पहले से ही बंद थे अब ऑनलाइन पढ़ाई भी ठप है। ऐसे में विद्यार्थियों को परीक्षा के साथ अगली कक्षा की दोहरी चिंता सता रही है। विद्यार्थियों और प्रधानाचार्य शिक्षकों कहना है कि बोर्ड परीक्षा को लेकर असमंजस को समाप्त करने के लिए प्रदेश सरकार को शीघ्र स्पष्ट निर्देश जारी कर कर देना चाहिए, ताकि बोर्ड परीक्षा को लेकर दुविधा दूर हो।
बोर्ड परीक्षा को लेकर असमंजस की स्थिति है। सरकार से आग्रह है कि प्री बोर्ड के आधार पर कक्षा दस के विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रमोट करना उचित विकल्प है, जिससे विद्यार्थी निश्चिंत होकर अगली कक्षा की तैयारी कर सकें या फिर सरकार को बोर्ड परीक्षा को लेकर स्पष्ट आदेश जारी कर देना चाहिए।
- महेंद्र कुमार त्रिपाठी, प्रधानाचार्य सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज गोला
कोरोना की भयावह स्थिति से स्कूल-कालेज 20 मई तक बंद हैं। कोई निर्णय न होने से शिक्षकों और विद्यार्थियों में निराशा है। सरकार को चाहिए कि सभी की जान माल की सुरक्षा को लेकर सार गर्भित निर्णय लेकर युवाओं को चिंतामुक्त वातावरण में जीने दिया जाए।
- केके शुक्ला, प्रधानाचार्य पब्लिक इंटर कालेज गोला
इंटरमीडिएट के छात्र होने से वह घर पर ही पढ़ाई कर रहे हैं। वार्षिक परीक्षाओं को लेकर अभी संशय बना हुआ है कि होंगी भी या नहीं। इस कारण थोड़े चिंतित हैं। शिक्षा विभाग को चाहिए कि शीघ्र स्थिति स्पष्ट कर छात्रों में व्याप्त संशय को समाप्त किया जाए।
- गौरव वर्मा निवासी नगरिया
मैं इंटर की परीक्षा को लेकर काफी परेशान हूं कि अब न तो पढ़ाई में मन लगता है और न ही परीक्षा की तारीख निश्चित हो रही है कि परीक्षा होगी या नहीं और कैसे परीक्षा देंगे इस महामारी कोरोना के कारण। यह चिंता ही खाए जा रही है।
- शिवम विश्वकर्मा, गुप्ता कॉलोनी गोला
परीक्षा के होने न होने पर संशय है। कॉलेज बंद होने से पढ़ाई भी ढंग से नहीं हो पा रही। हाईस्कूल परीक्षा कब होगी कैसे होगी इसकी चिंता सताई रही है। यदि इस पर शीघ्र निर्णय न आया तो अगली कक्षा की पढ़ाई भी बर्बाद हो जाएगी।
- कनक मिश्रा, कक्षा 10, गुप्ता कॉलोनी गोला
कोविड 19 के चलते अब पता ही नहीं है कि बोर्ड की परीक्षाएं होंगी या नहीं। इंटरमीडिएट की परीक्षा देने की तैयारियां चल रही थीं, लाकडाउन के लगने से कालेज बंद हैं। ऐसे में परीक्षा के लिए चिंता सता रही है।
- हसीब कुरैशी मोहम्मदपुर