लखीमपुर खीरी। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं फरवरी में आयोजित कराई जाएंगी। मार्कशीट में किसी तरह की कोई गड़बड़ी न हो इसको लेकर बोर्ड ने मार्कशीट में काफी बदलाव किए हैं। परीक्षा में सफल होने वाले परीक्षार्थियों को इस बार जो मार्कशीट दी जाएगी उस पर न तो पानी का असर होगा। साथ ही धूप और छांव में अलग-अलग रंग में दिखाई देगी। इस कारण इसके रखरखाव की विद्यार्थियों को कोई खास चिंता नहीं करनी होगी।
बोर्ड परीक्षा को सकुशल संपन्न कराए जाने को लेकर इस बार 136 केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा में कुल 94,406 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। हाईस्कूल में 49,837 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें 27,939 छात्र और 21,898 छात्राएं हैं। वहीं, इंटरमीडिएट में कुल 44,569 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे, जिनमें 24,600 छात्र और 19,969 छात्राएं शामिल होंगे। वहीं बोर्ड की ओर से फर्जीवाड़ा रोकने के लिए बड़े बदलाव किए गए हैं।
इस बार दसवीं और बारहवीं की मार्कशीट धूप और छांव में अलग-अलग रंग में दिखेगी। उस पर पानी का असर नहीं होगा और न ही उसे फाड़ा जा सकेगा। बता दें कि अब तक जो मार्कशीट मिलती थी वह सहेजकर रखने के दौरान कई बार फट जाती थी या फिर पानी पड़ने से खराब हो जाती थी। ऐसे में विद्यार्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मार्कशीट पर ऐसे इनपुट तथा मोनोग्राम होंगे, जिसकी वजह से धूप में ले जाने पर वह लाल रंग की दिखेगी।
वहीं छांव में सामान्य रंग हो जाएगा। इस बार की मार्कशीट पर ओवरराइटिंग नहीं हो पाएगी। बोर्ड के सचिव भगवती सिंह का कहना है कि ए-फोर स्टैंडर्ड साइज है। सभी बोर्ड की मार्कशीट इसी साइज में होती हैं। ए-फोर साइज की मार्कशीट से लुक अच्छा होगा। मार्कशीट की एक और खास बात होगी... प्रिंटर से इसकी फोटोकॉपी की जाएगी तो छायाप्रति पर फोटोकॉपी लिखा हुआ दिखाई देगा। फिलहाल यह खबर आने के बाद परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों में खुशी की लहर है।