गोला गोकर्णनाथ। गांव शिवपुरी में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई हिंसक मारपीट में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है।
ग्रामीणों के अनुसार रास्ते का विवाद काफी पुराना है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। शुक्रवार को एक पक्ष द्वारा रास्ते पर कब्जे के प्रयास का दूसरे पक्ष ने विरोध किया। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और लाठी-डंडे चलने के साथ पथराव भी हुआ।
मारपीट में सदाप्यारी (55) पत्नी बंधालाल तथा दूसरे पक्ष के बाबूराम और शशि देवी घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए बिजुआ सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सदाप्यारी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह ने बताया कि रास्ते को लेकर पुराना विवाद है। अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।