भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया तोड़फोड़
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
तहरीर देकर सभी महिलाओं पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग
पूर्व सांसद रवि वर्मा की अगुआई में एसपी कार्यालय मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर पहुंचे कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की। बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोंकझोंक हुई। जिलाध्यक्ष प्रहलाद पटेल ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि सोमवार को कांग्रेस कार्यालय में घुसकर भाजपा से जुड़े दर्जनों लोगों ने जमकर तोड़फोड़ की।
शिकायत के अनुसार पारुल गुप्ता, रश्मी गुप्ता, ज्योति शुक्ला, आशीष गुप्ता समेत करीब 50 लोग कार्यालय में घुसे और राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करते हुए फर्नीचर, कंप्यूटर, बैटरी, कुर्सियां और महापुरुषों की तस्वीरें तोड़ दीं। यह भी लिखा है कि कार्यालय के लॉकर में रखे किराया वसूली के 50 हजार रुपये भी तोड़कर ले लिए गए। आरोप लगाया कि घटना के समय कोतवाली प्रभारी हेमंत राय व तीन सिपाही मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने आरोपियों को रोकने का प्रयास नहीं किया।
पुलिस के सामने हुई तोड़फोड़
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आरोप ये भी है कि सदर विधायक योगेश वर्मा ने मौके पर आकर कांग्रेसियों को जान से मारने और कार्यालय नष्ट करने की धमकी दी और स्कूटी से चले गए। जिलाध्यक्ष ने मांग की है कि इस गंभीर घटना में तत्काल एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। एएसपी पवन गौतम ने मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद कांग्रेस नेता वहां से हटे।
एएसपी पूर्वी पवन गौतम ने कहा कि मामले की तहरीर लेकर कुछ लोग कार्यालय आए थे। शिकायती पत्र की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि हर जिले में विरोध प्रदर्शन था, महिलाओं में आक्रोश है। यहां भी प्रदर्शन के दौरान महिलाएं पहुंची थी। उनके बीच में कुछ बाहरी लोग होंगे, जिन्होंने कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़ की होगी। भाजपा की महिलाएं ऐसा नहीं कर सकती हैं। इसकी जांच कराई जाएगी।