संपूर्णानगर। संपूर्णानगर के भाजपा मंडल मंत्री संजय ने थाने में तैनात एक एसआई पर पुलिस की मदद करने के बाद भी थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है। मामले में एसआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
भाजपा मंडल मंत्री संजय ने बताया कि बीती रात वह जागरण से लौट रहे थे। इस दौरान संपूर्णानगर पुलिस किसी व्यक्ति को पकड़कर जीप से थाने ले जा रही थी। थाने के गेट पर उक्त व्यक्ति पुलिस की जीप से कूदकर भाग गया। पुलिस वालों के चिल्लाने पर वह अन्य लोगों के साथ युवक को पकड़ने के लिए दौड़े और मिल गेट पर दबोचकर उसको पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोप है कि यहां पर एक एसआई ने कुर्सी से उठते हुए उन्हें थप्पड़ जड़ दिया। पुलिस की मदद करने के बाद थप्पड़ मारने का जब विरोध किया तो उक्त एसआई अभद्रता करने लगे। बुधवार को मामले की जानकारी होने के बाद मंडल अध्यक्ष प्रदीप कुमार, पूर्व मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, रिषीकेश सिंह, राजेश भास्कर, दिग्विजय सिंह, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष इश्यिताक खान, महामंत्री कुलदीप बरार समेत अन्य लोग थाने पहुंच गए और एसआई के खिलाफ रोष जताया।
थाना प्रभारी के सामने सभी ने अपनी बात रखी। इस पर एसआई ने थप्पड़ मारने की बात को गलत बताया। इसपर मंडल मंत्री संजय ने कहा कि थाने का सीसी कैमरा चेक किया जाए और अगर उसमें घटना न हो तो कोई भी कार्रवाई उन पर की जा सकती है। संपूर्णानगर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने मामले में माफी मांगते हुए एसआई के खिलाफ जांच के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजने का आश्वासन दिया। इस पर सभी माने।
थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को बैठाकर सुना गया है और सीसी कैमरे की जांच की जाएगी, अगर उसमें थप्पड़ मारने की वीडियो आता है तो उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट प्रेषित की जाएगी।