लखीमपुर खीरी। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं कौओं की मौत के बाद पशुपालन विभाग ने सभी को अलर्ट जारी किया हुआ है। वहीं शुक्रवार को पशुपालन विभाग ने तीन मृत कौओं के सैंपल नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज, भोपाल भेजे हैं। विभाग को भेजे गए सैंपल की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने की आशंका है। इसके अलावा पशु चिकित्साधिकारियों की टीमों ने चिकन की दुकानों और पोल्ट्री फार्म से दस सैंपल लेकर आईवीआरआई बरेली भेजे हैं। यहां बता दें कि निगरानी में लगी टीमों ने अब तक 60 सैंपल जांच के लिए भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव है।
जिले के दौरे पर आए पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने शुक्रवार को मैगलगंज के अब्बासपुर गांव में स्थित बरनाला पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण किया। यहां पर एक लाख अंडों का उत्पादन होता है। इसके अलावा संयुक्त निदेशक ने कुंभी ब्लाक के सैदापुर, बस्तौली, मोहम्मदी के मियापुर, धमोला, वकिम्पुर, बिचपरी में पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण किया।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. टीके तिवारी की अगुवाई में डॉ. साकेत यादव, डॉ. मुकेश गुप्ता, डॉ. अरविंद वर्मा ने नेपाल बॉर्डर एरिया में पलिया, खजुरिया आदि स्थानों पर गोशालाओं, पोल्ट्री फार्म, तालाबों का सघन निरीक्षण किया।
कौओं में बर्ड फ्लू मिलने की संभावना अधिक है। तीन दिनों बाद रिपोर्ट भोपाल की लैब से आएगी, तभी इसकी पुष्टि हो सकेगी। अभी लोग अफवाहों पर ध्यान न दें, बल्कि संदिग्ध पक्षियों से दूर रहें। जिन क्षेत्रों में बर्ड फ्लू की आशंका है उन स्थानों से दूर ही रहें। पशुपालन विभाग की टीमें लगातार सर्विलांस में लगी हैं। - डॉ. टीके तिवारी, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी