गोला गोकर्णनाथ। गोला अलीगंज मार्ग पर कार से टकराकर बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कंजा निवासी 58 वर्षीय अनिल वर्मा अपने भतीजे 34 वर्षीय मनोज कुमार के साथ बुलट बाइक से बेटी के घर भदेड़ गए थे। वापस आते समय अलीगंज मार्ग पर उनकी बाइक कार से टकरा गई। इसमें अनिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनोज कुमार को सीएचसी में डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर सीओ गवेंद्र गौतम, क्राइम इंस्पेक्टर रविंद्र पांडे मौके पर पहुंच गए हैं। हादसा होते ही चालक कार छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। दोनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
अनिल वर्मा अपने पीछे पत्नी ऊषा देवी, एक पुत्र, दो बेटियां छोड़ गए हैं, जिसमें एक बेटी की शादी हो चुकी है। मनोज वर्मा अपने पीछे पत्नी अनुराधा और तीन बेटियों को छोड़ गए हैं।