भीरा-लखीमपुर स्टेट हाइवे पर बिजुआ उपकेंद्र के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
भीरा थाना क्षेेत्र के लौकहा गांव निवासी बनवारी का पुत्र अवनीश गांव के अपने दो साथियों राकेश और मनोज के साथ भीरा गया था, शाम करीब साढ़े छह बजे वापसी के समय बिजुआ बिजली उपकेंद्र के सामने पलिया की ओर जा रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गिर गए, जिसमें बाइक चला रहे अवनीश की सिर के ऊपर से वाहन का पहिया गुजर जाने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर बैठे दोनों युवक अवनीश की हालत देखकर मौके से फरार हो गए।
करीब आठ बजे मनोज अपने गांव लौकहा पहुंचा, गांव से उसे परिवार वाले अस्पताल लेकर आए। दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे भीरा एसओ ब्रजराज यादव और चौकी इंचार्ज संजय कुमार सिंह ने शव को उठवाकर किनारे करवा दिया। मृतक अवनीश के परिवार वालों ने उसके शव को पुलिस को सुपुर्द करने से इंकार कर दिया। परिवार वाले मांग कर रहे हैं कि दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान की जाए।