गोला गोकर्णनाथ/संसारपुर। गोला-खुटार नेशनल हाईवे पर संसारपुर कस्बे में पुलिस चौकी के निकट कंटेनर से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लुधौरा निवासी भानु प्रकाश शुक्ला का 25 वर्षीय पुत्र सुमित शुक्ला शुक्रवार की सुबह बाइक से अपनी बहन के यहां खुटार जा रहा था। पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर संसारपुर कस्बे में पुलिस चौकी के निकट उसकी बाइक डिवाइडर के पास पीछे से आ रहे कंटेनर से टकरा गई।
इससे सुमित शुक्ला का सिर कंटेनर के पहिये के नीचे आ गया। हेलमेट समेत सिर कुचलने से सुमित की दर्दनाक मौत हो गई। संसारपुर चौकी इंचार्ज मोहित पुंडीर ने मृतक को गोला सीएचसी पहुंचाया और हाईवे को खाली कराया।
हादसा होते ही चालक कंटेनर लेकर भाग निकला, पुलिस ने कंटेनर को टेढ़वा चौकी के पास पकड़ लिया है। पिता ने बताया कि सुमित का एक वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। वह अपने पीछे पत्नी और दो माह की पुत्री छोड़ गया है। सुमित तीन बहनों का अकेला भाई था। संवाद