फूलबेहड़/ शारदानगर। ढखेरवा मार्ग के बेलपुरवा मोड़ के पास बाइक सवार दो छात्राओं समेत तीन लोग बस की चपेट में आ गए। तीनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। इनमें एक छात्रा की मौत हो गई। दूसरी छात्रा और उसके पिता मामूली रूप से घायल हैं।
गांव मूलचंदपुरवा निवासी मुन्ना की 15 वर्षीय पुत्री पूजा और पड़ोसी रामरतन की 16 वर्षीय पुत्री गरिमा शुक्रवार सुबह हाई स्कूल की परीक्षा देने गोमती इंटर कॉलेज ढकवा गई थीं। परीक्षा देकर दोनों छात्राएं मुन्ना के साथ बाइक से घर जा रही थीं। शारदानगर हाईवे के बेलपुरवा गांव के पास बाइक बस की चपेट में आ गई। इससे गरिमा बस नीचे आ गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई, वहीं बाइक चला रहे 40 वर्षीय मुन्ना और उसकी बेटी पूजा मामूली रूप से जख्मी हो गए।
पुलिस ने तीनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ओयल भेजा। यहां डॉक्टरों ने गरिमा को मृत घोषित कर दिया। पिता-पुत्री को भर्ती कर लिया गया। शारदानगर थाना प्रभारी बृजेश कुमार मौर्य ने बताया कि एक बाइक पर दो छात्राओं समेत तीन लोग सवार थे। बस की टक्कर से घायल एक छात्रा की मौत हुई है। बस को कब्जे में ले लिया गया है।
डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की जान गई
शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
ममरी। बृहस्पतिवार की रात गोला-मोहम्मदी मार्ग स्थित इंडियन बैंक के सामने हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को गोला अस्पताल भेजा है।
गोला क्षेत्र के गांव भदेड़ निवासी रूपराम का 30 वर्षीय पुत्र मनोज कुमार बृहस्पतिवार की शाम करीब आठ बजे मोहम्मदी क्षेत्र के गांव शाहपुर निवासी शिवम के साथ बाइक से हैदराबाद क्षेत्र के गांव सेखवापुर में एक शादी समारोह में भाग लेने गए थे।
गोला-मोहम्मदी मार्ग स्थित इंडियन बैंक के सामने उनकी बाइक सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। इससे मनोज की मौके पर मृत्यु हो गई और बाइक चला रहा शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर घायल शिवम को गोला अस्पताल भेज दिया है। यहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर देख उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया है।