शाहजहांपुर जिले के लौहंगापुर के जंगल में हुआ हादसा
बांकेगंज से पूरनपुर के रूदपुर गांव बरात में शामिल होने गए थे
बांकेगंज। कस्बा से जिला पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र में रूदपुर गांव से बरात में शामिल होकर घर लौट रहे दो युवकों की बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा भिड़ी। हादसा शाहजहांपुर जिले के लौंहगापुर के जंगल में हुआ। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस सड़क पर घायल पड़े दोनों युवकों को खुटार सीएचसी ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बांकेगंज कस्बा निवासी रवि कुमार (25) और दौलतपुर गांव निवासी पंकज कुमार शर्मा (35) बुधवार शाम बाइक पर सवार होकर बरात में शामिल होने के लिए पीलीभीत जिले के पूरनपुर थाना क्षेत्र के रूदपुर गांव गए थे। बरात में शामिल होने के बाद दोनों रात करीब दस बजे घर के लिए लौट रहे थे। लौटते समय पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर शाहजहांपुर जिले के थाना खुटार क्षेत्र में गुरुद्वारे से कुछ दूरी पर रोड पर खड़े ट्रक में उनकी बाइक जा टकराई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने इसकी जानकारी थाना खुटार पुलिस और एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस से दोनों को खुटार सीएचसी लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना खुटार पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे की सूचना मिलते ही पंकज और रवि के घरों में कोहराम मच गया। दोनों युवक विवाहित हैं।
पांच माह पहले ही हुई थी रवि की शादी
सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रवि कुमार के पिता छोटेलाल की पहले ही मौत हो चुकी है। पिता की मौत के बाद वह दो बहनों चांदनी और प्रतिभा, मां राजेश्वरी की देखभाल करता था। रवि की पांच माह पूर्व गोला कस्बा निवासी जूली देवी से शादी हुई थी। रवि घर में ही किराने की दुकान करता था। रवि की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
उधर, पंकज कुमार के घर में पत्नी रेखा देवी, 12 वर्षीय पुत्र जलज, नौ वर्षीय बेटी सजल के साथ ही पिता रामकिशन और मां सोमवती का रो-रोकर बुरा हाल है। पंकज गांव बांकेगंज में एक मेडिकल स्टोर पर काम करता था।