धौरहरा/ईसानगर (लखीमपुर खीरी)। थाना ईसानगर क्षेत्र में खंभे पर चढ़कर तार जोड़ते समय करंट लगने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार वालों का कहना है कि युवक निजि तौर पर पावर कॉरपोरेशन में काम करता था। गांव के लाइनमैन ने उसे बिजली ठीक करने भेजा था।
गांव शाखाबेहड़ निवासी प्रदीप (27) पुत्र अमिरका प्रसाद बिजली मैकेनिक था। रविवार की रात गांव की बिजली सप्लाई बाधित हो गई, जिसे ठीक करने के लिए प्रदीप सोमवार सुबह गांव में लगे खंभे पर चढ़कर तार ठीक करने लगा। इसी बीच सप्लाई चालू हो गई। प्रदीप करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। जब तक ग्रामीण उसे अस्पताल पहुंचाते, उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। प्रदीप के पिता अमिरका प्रसाद ने बताया कि प्रदीप पावर कॉरपोरेशन में प्राइवेट तौर पर काम करता था। पैसा भी लाइनमैन श्रवण देते थे। लाइनमैन श्रवण के कहने पर ही प्रदीप तार जोड़ने गया था। यह पावर कॉरपोरेशन की लापरवाही है कि लाइन जोड़ते समय शट डाउन होने के बाद भी बिजली चालू कर दी। बेटे की मौत के जिम्मेदार लाइनमैन है। पिता की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
बेल्तुवा उपकेंद्र के लाइनमैन श्रवण कुमार हैं। उन्होंने किन लोगों को काम कर लगा रखा था इसकी जानकारी नहीं है। मृतक प्रदीप को मैं बिल्कुल नहीं जानता। यह मेरा कर्मचारी नहीं है।
- जय कुमार गौतम, जेई धौरहरा
मृतक गांव के एक टावर पर वाचमैन है। खुद ही सप्लाई बाधित होने पर तार जोड़ने पहुंच गया। मैंने नहीं भेजा था। न ही मेरा कोई मजदूर या कर्मचारी हैं।
- श्रवण कुमार लाइनमैन, बेल्तुवा