गोला गोकर्णनाथ। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात बाइक की टक्कर से साइकिल सवार इंजन मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी भेजा,जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कोरैया निवासी गयाप्रसाद (60) की लखीमपुर रोड पर इंजन मरम्मत की दुकान है। बुधवार रात करीब 8:30 बजे वह दुकान बंद कर साइकिल से घर लौट रहे थे इसी दौरान लखीमपुर रोड पर सिद्धिविनायक पैलेस के सामने तेज गति से जा रहे बाइक सवार ने साइकिल में टक्कर मार दी। इस हादसे में गया प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। मौका पाकर चालक बाइक सहित भाग गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर पड़ी बाइक की टूटी नंबर प्लेट कब्जे में ले ली। पुलिस ने घायल को सीएचसी भेजा,जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे और शव देखते ही कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।