शहर में कई जगह हुआ जलभराव, खिले किसानों के चेहरे
सोमवार की रात से शुरू हुई बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दिला दी। हालांकि बारिश से शहर की सड़कें जलमगभन हो गई। जिससे शहर वासियों का घरों से निकलना दुश्वार हो गया। लेकिन इस बारिश ने किसानों के चेहरे पर खुशी ला दी है।
दिन में निकल रही तेज धूप ने लोगों को परेशान कर रखा था। न तो घर में ही गर्मी से राहत मिल रही थी और न ही घर से बाहर निकलने पर ही। उमस भरी गर्मी से राहत पाने के लिए शहरवासी परेशान हो उठे थे और जल्द से जल्द मूसलाधार बारिश की कामना करने लगे थे। वहीं आसमान में उमड़ते बादलों को देखकर जल्द ही बारिश होने के कयास भी लगाने लगे थे। आखिरकार सोमवार की रात बारिश को लेकर लोगों के लगाए जा रहे कयास सच साबित हुए और रात में शुरू हुई जोरदार बारिश ने लोगों को राहत देने का काम किया। बारिश के दौरान सर्द हुई हवाओं ने लोगों को ठंडक पहुंचाते हुए गर्मी से राहत दिलाई। इस दौरान लोगों को घरों में चल रहे पंखे और कूलर बंद करने पड़े।
वहीं इस बारिश से शहर की गलियां और सड़कें जहां तालाब बन गए वहीं कलेक्ट्रेट परिसर, जिला पंचायत और जिला उस्पताल परिसर सहित विलोबी मैदान सहित विकास भवन भी पानी से लबालब हो गए। वहीं इस बरसात से किसानों के चेहरों पर प्रसन्न्नता लाने का काम किया। किसानों ने भी मंगलवार की सुबह अपनी खेती किसानी के काम शुरू कर दिए।