- एसडीएम के औचक निरीक्षण में खुली सरकारी विभाग की पोल
- एसडीएम ने डीएम को भेजी रिपोर्ट
एसडीएम ने ब्लाक, सीडीपीओ कार्यालय और सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीडीओ, एडीओ और सीएचसी प्रभारी समेत 29 लोग अनुपस्थित पाए गए।
एसडीएम रामप्रकाश ने बताया कि सुबह करीब 10.30 बजे ब्लाक पहुंचे। वहां पर बीडीओ, एडीओ समेत ब्लाक में ताला लटक रहा था। एसडीएम की गाड़ी देखकर वहां पर हड़कंप मच गया। एसडीएम ने सबसे पहले बीडीओ कार्यालय का हाल जाना। बीडीओ जीतेंद्र प्रताप सिंह अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने एसडीएम को फोन पर बताया कि वह रमियाबेहड़ ब्लाक का अतिरिक्त चार्ज होने के कारण वहां गए हैं। उसके बाद एडीओ आईएसबी कार्यालय में भी ताला लटक रहा था। एडीओ अशोक शर्मा अनुपस्थित थे। ब्लाक में बारीकी से निरीक्षण करने पर प्रभारी सहायक उस्मान खान, वरिष्ठ लिपिक शिवसागर वर्मा, ग्राम विकास अधिकारी प्रेम कुमार, संविदा कर्मी आनंद राव, मुनेश कुमार, आलोक विद्यासागर सिंह, सतनाम, कंप्यूटर ऑपरेटर प्रदीप कुमार, पेयजल कर्मी महीप कुमार समेत 14 दर्जन लोग अनुपस्थित थे। उसके बाद वह बाल विकास परियोजना कार्यालय पहुंचे। वहां पर लिपिक प्रेमपाल राना समेत पांच लोग अनुपस्थित थे। बाद में एसडीएम ने सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। वहां की दुर्दशा देखकर वह हैरत में पड़ गए। सीएचसी प्रभारी अनिल वर्मा, सफाईकर्मी रामबिलास, बीएस डब्लू प्रेमबालिका, आई सर्जन लालजी, फार्मासिस्ट अरविंद कुमार, संविदा कर्मी राजेश कुमार, संध्या मिश्रा, नौमिष कुमार, विमल अवस्थी अनुपस्थित मिले। एसडीएम ने बताया कि ब्लाक और सीएचसी में सोमवार और शनिवार को अवकाश जैसा माहौल रहता है। कर्मचारी और अधिकारी घर जाने की होड़ में जल्दी काम निपटाकर जाने की फिराक में रहते हैं। सोमवार को वह देर से दफ्तर पहुंचते हैं।