निघासन। लुधौरी के ग्रामीणों ने शुक्रवार को सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मुख्य चौराहे से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे और बाहर जमीन पर बैठकर विरोध जताया। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद प्रशासन ने अब तक कार्रवाई नहीं की।
गांव के भाजपा नेता अरविंद सिंह संजय और पूर्व प्रधान रामपाल मौर्य की अगुवाई में ग्रामीणों ने एसडीएम से तत्काल कब्जा हटवाने की मांग की। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने विधायक शशांक वर्मा को ज्ञापन भी सौंपा।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी भूमि तालाब के नाम दर्ज है और न्यायालय ने भी ग्रामसभा के पक्ष में फैसला दिया है। बावजूद इसके गांव के ही सपा नेता निसार अहमद, रमाकांत शुक्ल और अंबरपुरवा निवासी सरवन मौर्य ने दबंगई दिखाते हुए कब्जा कर लिया है। ग्रामीणों ने मांग की कि कब्जा हटने के बाद वहां गरीब कन्याओं की शादियों के लिए बारातघर का निर्माण कराया जाए, जिससे पूरे गांव को लाभ होगा।
एसडीएम ने दिया आश्वासन
एसडीएम राजीव निगम ने बताया कि जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। तहसीलदार, लेखपाल और पुलिस बल मौके पर भेजकर अवैध कब्जा हटवाया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विधायक बोले-कड़ी कार्रवाई होगी
विधायक शशांक वर्मा ने कहा कि एसडीएम को निर्देश दिए गए हैं कि मौके पर जाकर मामले का निस्तारण करें। यदि कब्जा अवैध पाया गया तो तत्काल हटवाकर संबंधितों पर कठोर कार्रवाई होगी। प्रदर्शन के दौरान लालबहादुर सिंह, विक्रम सिंह, अशोक कश्यप, पूरन कश्यप, सचिन गुप्ता, आशीष गुप्ता, मूलचंद, अम्बिका मौर्य, विमलेश शुक्ल, नंदकुमार, इंद्रपाल, नरेंद्र यादव, लकी सिंह, अन्नूलाल गुप्ता समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।